जनसुनवाई से जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान : धर्मवीर सिंह

नई दिल्ली। साउथ एमसीडी जोन के चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से हर नागरिक की आवाज़ को प्राथमिकता दी जाएगी। जनसंवाद, त्वरित समाधान और जवाबदेह प्रशासन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता निरंतर जारी है।

उन्होंने बताया कि डेम्स में प्रत्येक बुधवार को होने वाली जनसुनवाई की तर्ज पर अब जोन कार्यालय में भी नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना, संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

धर्मवीर सिंह ने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जोन कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से इस व्यवस्था का लाभ उठाने और अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की।