साउथ जोन के विकास को मिलेगी नई गति, जनता की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान : धर्मवीर सिंह
नई दिल्ली, 21 जुलाई। दिल्ली नगर निगम के साउथ जोन के चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध नगर निगम सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, जलभराव, कूड़ा प्रबंधन, पार्कों का रखरखाव, सड़कों की मरम्मत और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा।धर्मवीर सिंह ने कहा कि साउथ जोन के प्रत्येक वार्ड के पार्षदों और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा और पारदर्शिता के साथ कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन तथा दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही के सहयोग से साउथ जोन को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
धर्मवीर सिंह ने कहा कि जनसुनवाई की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि नागरिकों की समस्याओं का समाधान सीधे और शीघ्र हो सके। उन्होंने सभी अधिकारियों से जवाबदेही के साथ कार्य करने और विकास परियोजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के सहयोग से साउथ जोन को राजधानी के सबसे बेहतर प्रशासनिक क्षेत्रों में शामिल किया जाएगा।
