नई दिल्ली, 24 जुलाई 2026। भारतीय युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक के मामलों और छात्र आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि देश का युवा अब अपने भविष्य से जुड़े सवाल पूछ रहा है और बदलाव चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा छात्रों की आवाज़ को बल प्रयोग से दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है और सड़क से लेकर संसद तक उनकी लड़ाई जारी रखेगा।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि सरकार को पेपर लीक रोकने और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, छात्रों पर बल प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा प्रधानमंत्री से युवाओं से माफी मांगने की भी मांग की।

प्रदर्शन में उदय भानु चिब, अक्षय लाकड़ा सहित युवा कांग्रेस के कई राष्ट्रीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
