नए जोन बनने के बाद पुराने ढांचे पर चुनाव क्यों? भाजपा जवाब दे : नाज़िया दानिश

कांग्रेस ने एमसीडी की चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल, कहा- पारदर्शिता और कानूनी स्थिति जनता के सामने लाई जाए

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में नए जोनों के गठन के बावजूद पुराने जोनों के आधार पर चुनाव कराए जाने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने कहा कि नए जोनों की अधिसूचना जारी होने के बाद भी पुराने ढांचे के आधार पर चुनाव कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निगम अधिनियम की भावना के विपरीत है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि जब निगम ने नए जोनों की व्यवस्था लागू कर दी है, तो चुनाव भी उसी व्यवस्था के अनुरूप होने चाहिए थे। उन्होंने भाजपा से पूछा कि आखिर नए जोनों की व्यवस्था लागू होने के बावजूद पुराने जोनों के आधार पर चुनाव क्यों कराए गए। उनका कहना है कि इससे पार्षदों के अधिकार, प्रतिनिधित्व और पूरी चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले में पूर्ण पारदर्शिता की मांग करती है। यदि नए जोनों की व्यवस्था प्रभावी है तो चुनाव उसी के अनुसार कराए जाने चाहिए थे और यदि व्यवस्था अभी लागू नहीं हुई है तो सरकार तथा निगम को इसकी स्पष्ट जानकारी जनता और निर्वाचित प्रतिनिधियों के सामने रखनी चाहिए।

नाज़िया दानिश ने आरोप लगाया कि नियमों को अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार लागू करना या बदलना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की कानूनी स्थिति सार्वजनिक की जाए तथा भविष्य में दिल्ली नगर निगम की सभी चुनावी प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और कानून के अनुरूप कराई जाएं।