नाव लेकर सदन पहुंचे AAP पार्षद, जलभराव और कूड़े पर भाजपा को घेरा
अंकुश नारंग बोले- ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान सिर्फ नारा, सड़कों पर कूड़े के ढेर और पानी ने खोली भाजपा के दावों की पोल
नई दिल्ली, 24 अगस्त। दिल्ली में जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी पर हमला तेज कर दिया है। सोमवार को एमसीडी सदन की बैठक में आप पार्षद नाव लेकर पहुंचे। पार्षदों ने सदन के बाहर नाव और अलग-अलग जोनों से एकत्र कूड़ा रखकर जलभराव, गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। आप नेताओं ने डेंगू-मलेरिया के बढ़ते खतरे और जलभराव से पैदा हो रही समस्याओं को भी सदन में उठाया।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा का ‘‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’’ अभियान केवल नारे और प्रचार की राजनीति बनकर रह गया है। उनका आरोप था कि जमीनी स्थिति इसके ठीक उलट है और दिल्ली की सड़कों तथा गलियों में कूड़े के ढेर भाजपा के दावों की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में भाजपा की सरकार है और सत्ता के सभी स्तर उसके पास हैं, तो राजधानी की सफाई व्यवस्था अब तक क्यों नहीं सुधरी।
आप के एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि थोड़ी बारिश में ही दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव हो रहा है और लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सिविक सेंटर से कुछ दूरी पर कनॉट प्लेस जैसे इलाके में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल में भाजपा सरकार ने दिल्ली को ‘‘नरक के दर्शन’’ करा दिए हैं।

प्रीति डोगरा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में जगह-जगह कूड़े के ढेर और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ता है, लेकिन भाजपा जमीनी स्तर पर व्यवस्था सुधारने के बजाय अपनी राजनीति और प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने मेयर प्रवेश वाही से सफाई और जलभराव की स्थिति पर जवाबदेही तय करने की मांग की।

आप पार्षद कृष्णा जाखड़ ने कहा कि दिल्ली में एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, डीडीए और डुसिब से जुड़ी सड़कों पर जलभराव की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने भाजपा पर नालों की डी-सिल्टिंग और कूड़ा प्रबंधन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की। जाखड़ ने कहा कि यदि दिल्ली की जिम्मेदारी भाजपा के पास है तो उसे समस्याओं के लिए दूसरों को दोष देने के बजाय जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए।
डीडीए सलाहकार परिषद में आप की दो पार्षद निर्विरोध चुनी गईं
एमसीडी सदन की बैठक में आम आदमी पार्टी की पार्षद शिवानी पांचाल और चित्रा विद्यार्थी दिल्ली विकास प्राधिकरण की सलाहकार परिषद की सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुईं। आप नेता अंकुश नारंग ने दोनों पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि वे दिल्ली के विकास और नागरिक समस्याओं से जुड़े मुद्दों को परिषद में मजबूती से उठाएंगी।
इस मौके पर एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार, प्रीति डोगरा सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
