राखी बनी लोकतांत्रिक संस्थाओं और नई पीढ़ी के बीच मजबूत संकल्प की डोर

दिल्ली विधानसभा में राखी समारोह, छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की कलाई पर बांधी राखी

नई दिल्ली, 27 अगस्त 2026। दिल्ली विधानसभा में गुरुवार को आयोजित राखी समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की कलाई पर राखी बांधी। इस अवसर पर गुप्ता ने कहा कि राखी की डोर केवल सुरक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और भविष्य की पीढ़ी के बीच एक ऐसा संकल्प है, जो मजबूत, जागरूक और जिम्मेदार भारत के निर्माण का वादा करता है।

उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें शिक्षा के साथ उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा नेतृत्व की भावना विकसित करने का संदेश दिया।

 

छात्रों ने करीब से जानी लोकतंत्र की कार्यप्रणाली

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दिल्ली विधानसभा भवन के ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक महत्व से परिचित कराया गया। वर्ष 1912 में निर्मित इस भवन में कभी ऐतिहासिक केंद्रीय विधान सभा का संचालन हुआ था। छात्रों को विधानसभा के इतिहास तथा विट्ठलभाई पटेल जैसे प्रमुख व्यक्तित्वों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। वर्ष 1993 में पुनर्गठन के बाद दिल्ली विधानसभा की लोकतांत्रिक यात्रा से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

छात्रों के लिए विधायी प्रक्रिया पर विशेष परिचय सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें बताया गया कि कानून किस प्रकार तैयार होते हैं, उन पर चर्चा और बहस कैसे होती है तथा उन्हें पारित करने की प्रक्रिया क्या है।

अनुपम खेर की आवाज में दिखाई गई विधानसभा की यात्रा

कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा के विकास और इतिहास पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। इसमें पद्म भूषण से सम्मानित अभिनेता अनुपम खेर ने वॉयस-ओवर दिया। विद्यार्थियों को विधानसभा के इतिहास पर आधारित कॉफी टेबल पुस्तक ‘एक शताब्दी यात्रा’ भी प्रदान की गई। इसके बाद छात्रों ने विधानसभा सदन कक्ष का भ्रमण कर स्थानीय शासन की लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं का जागरूक और सक्रिय होना आवश्यक है। लोकतांत्रिक संस्थाओं को करीब से देखने और समझने से युवाओं में नागरिक भागीदारी, जवाबदेही और जनसेवा की भावना मजबूत होती है।

समारोह में माउंट आबू पब्लिक स्कूल, महावीर सीनियर मॉडल स्कूल, लवली पब्लिक स्कूल, एवर्ग्रीन पब्लिक स्कूल, मयूर पब्लिक स्कूल, जैन भारती पब्लिक स्कूल, रेमल पब्लिक स्कूल, विद्या भारती स्कूल, स्प्रिंगडेज स्कूल, हंसराज मॉडल स्कूल, डीएवी स्कूल, एएसएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ग्रीनफील्ड्स स्कूल, अभिनव पब्लिक स्कूल, बाल भवन पब्लिक स्कूल और सरस्वती पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।