नई दिल्ली, 1 जून। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का उपयोग प्रभावी ढंग से होना चाहिए, लेकिन कई परियोजनाओं और संसाधनों के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली नगर निगम द्वारा खरीदी गई इलेक्ट्रिक गाड़ियां लंबे समय से पार्किंग स्थलों पर खड़ी दिखाई दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन वाहनों को प्रदूषण कम करने, ईंधन की बचत और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए खरीदा गया था, उनका अपेक्षित उपयोग नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा शासित MCD पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर करोड़ों रुपये खर्च कर खरीदे गए संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा। यह जनता के पैसे की बर्बादी का मामला है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।नारंग ने मांग की कि निगम प्रशासन इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद, तैनाती और वर्तमान उपयोग की पूरी जानकारी सार्वजनिक करे। साथ ही यह भी बताया जाए कि कितने वाहन नियमित रूप से सेवा में हैं और कितने लंबे समय से निष्क्रिय पड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है। आम आदमी पार्टी निगम में जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही को उजागर करती रहेगी।
