मंडे मेट्रो अभियान के तहत नेता सदन जय भगवान यादव ने किया सार्वजनिक परिवहन का उपयोग

नई दिल्ली। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण और पेट्रोलियम उत्पादों की बचत का आह्वान किया है। इसी क्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील करते हुए “मंडे मेट्रो” अभियान को बढ़ावा दिया है।

मुख्यमंत्री के इस आह्वान का समर्थन करते हुए श्री जय भगवान यादव, नेता सदन एवं सदस्य स्थायी समिति, दिल्ली नगर निगम ने सोमवार को रोहिणी स्थित अपने निवास से सिविक सेंटर कार्यालय तक की यात्रा सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से की। इस दौरान उन्होंने मेट्रो और ई-रिक्शा का उपयोग किया।

जय भगवान यादव ने बताया कि उनका सफर बेहद सरल, सुगम और सुविधाजनक रहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है और नागरिकों को इसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक मेट्रो, बस तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का अधिक से अधिक उपयोग करें और जहां संभव हो, कार पूलिंग को अपनाएं। इससे न केवल यातायात का दबाव कम होगा बल्कि ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और राष्ट्रीय संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

जय भगवान यादव ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा और ईंधन की बचत प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हम सभी छोटे-छोटे प्रयास करें तो देश के कीमती संसाधनों को बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। “मंडे मेट्रो” जैसी पहलें इसी दिशा में जनभागीदारी को मजबूत करने का माध्यम हैं।