ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट लाइसेंस नीति पर भाजपा का हमला, हर्ष मल्होत्रा ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

नई दिल्ली, 4 जून। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राजधानी में लागू ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) लाइसेंस योजना को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2007 में शुरू की गई यह योजना समय के साथ अपने मूल उद्देश्य से भटक गई और अवैध होटल संचालन का माध्यम बन गई।उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा हाल ही में इस योजना को निरस्त कर नई, अधिक पारदर्शी और सख्त लाइसेंस व्यवस्था लागू करने की दिशा में उठाए गए कदम का स्वागत किया। साथ ही कहा कि नई नीति तैयार करने के लिए सरकार द्वारा जनसुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जिससे सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पिछले दो दशकों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के शासनकाल में इस योजना का दुरुपयोग हुआ, जिसके चलते कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण कई अवैध होटल और गेस्ट हाउस फलते-फूलते रहे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने हाल के होटल हादसे और पूर्व की विभिन्न अग्नि दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ा है। उन्होंने 2018 के बवाना अग्निकांड, 2019 के अर्पित पैलेस गेस्ट हाउस हादसे, फिल्मिस्तान क्षेत्र की फैक्ट्री आग, 2022 के मुंडका अग्निकांड तथा 2024 के विवेक विहार नर्सिंग होम हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं से सबक लेकर व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता है।मल्होत्रा ने यह भी सुझाव दिया कि जिस प्रकार सरकार होटल एवं गेस्ट हाउस लाइसेंस व्यवस्था को सख्त बना रही है, उसी तरह छोटे नर्सिंग होम और स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की भी व्यापक समीक्षा की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में नागरिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए। भाजपा ने नई लाइसेंस नीति को राजधानी में सुरक्षित और पारदर्शी आतिथ्य व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।