पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर क्षेत्र स्थित वसुंधरा एन्क्लेव में एक महिला प्रोफेसर की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शिवाजी कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर देवोस्मिता पॉल अपने फ्लैट में मृत अवस्था में मिलीं। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट में रहने वाली देवोस्मिता पॉल फ्लैट में अकेली रहती थीं। उनकी बहन देवरती पॉल ने बताया कि सुबह से कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। फ्लैट बाहर से बंद था, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां देवोस्मिता मृत अवस्था में पड़ी मिलीं।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर आवश्यक फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल हत्या के कारणों और घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मामले में और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
