तरुण मित्र परिषद का 64वां विराट दिव्यांग सेवा शिविर संपन्न, 92 दिव्यांगजनों को मिले कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण

सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत तरुण मित्र परिषद द्वारा आयोजित 64वें विराट दिव्यांग सेवा शिविर में 92 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर में कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र सहित अन्य आवश्यक उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से खिल उठे।

यह सेवा अभियान परिषद के संस्थापक एवं अध्यक्ष अशोक जैन तथा महासचिव मनोज कुमार जैन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को समीर एवं शिल्पी सौंधी (यूएसए) के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानपूर्ण जीवन जीने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना था। कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण मिलने से लाभार्थियों के जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। तरुण मित्र परिषद का यह प्रयास न केवल दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बना रहा है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सेवा भाव का भी संदेश दे रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने परिषद के इस मानवीय अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।