मोदी सरकार के 12 स्वर्णिम वर्षों पर मनोज कुमार जैन ने जताया गौरव, कहा– भारत ने दुनिया में बनाई नई पहचान
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के मनोनीत पार्षद मनोज कुमार जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भारत के विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम काल बताया है।मनोज कुमार जैन ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्रांति, सामाजिक कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार के अवसर, किसानों के हित और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश की दिशा और दशा दोनों बदलने का कार्य किया है। सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जो सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है।
मनोनीत पार्षद मनोज कुमार जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का “विकसित भारत 2047” का संकल्प देश के करोड़ों नागरिकों के सपनों को साकार करने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत विकास, नवाचार और सुशासन के क्षेत्र में और नई ऊंचाइयों को छुएगा।
उन्होंने एनडीए की आगामी बैठक को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह बैठक देश के विकास एजेंडे को और गति देने तथा जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप भविष्य की रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मनोज कुमार जैन ने देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि नए भारत के निर्माण की एक ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक हैं, जिसमें हर नागरिक सहभागी बना है।
