दिल्ली में टैक्स फ्री हुई कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जताया आभार

नई दिल्ली, 10 जून। अभिनेत्री और सांसद Kangana Ranaut अभिनीत फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की रिलीज से पहले कंगना रनौत देशभर में विशेष स्क्रीनिंग के माध्यम से उन वास्तविक नायकों को सम्मानित कर रही हैं, जो संकट की घड़ी में समाज और देश की सेवा करते हैं।

भुवनेश्वर और रायपुर के बाद यह अभियान दिल्ली पहुंचा, जहां फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर कंगना रनौत और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कई रियल लाइफ हीरोज को सम्मानित किया।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि ‘भारत भाग्य विधाता’ को दिल्ली में टैक्स फ्री किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री Annapurna Devi, Gajendra Singh Shekhawat, Giriraj Singh सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

इस मौके पर कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने स्क्रीनिंग के निमंत्रण को तुरंत स्वीकार किया और दिल्ली के विकास तथा प्रशासनिक सुधारों के लिए उनके प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।

वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कंगना रनौत की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह संसद में सिनेमा और देश के लोगों की आवाज मजबूती से उठाती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म का संदेश यह है कि देशभक्ति केवल वर्दीधारी लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर भारतीय के भीतर सेवा और समर्पण की भावना मौजूद होती है।

फिल्म की टीम देशभर में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित कर पुलिसकर्मियों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को सम्मानित कर रही है। दिल्ली में भी निशी पाठक, पुष्पा, सुमन, मेनका, नम्रता यादव, नीति शर्मा, बी.के. खुराना और शशि लाल सहित कई अनदेखे नायकों को ‘भारत भाग्य विधाता’ सम्मान बैज प्रदान किए गये।