स्वच्छ दिल्ली की दिशा में बड़ा कदम, बेगमपुर वार्ड में नए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों पर जागरूकता कार्यक्रम
नई दिल्ली। राजधानी को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बेगमपुर वार्ड-27 में ‘न्यू सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026’ के संबंध में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नरेला जोन के डिप्टी कमिश्नर राघविंदर मीणा, एसी कुलदीप तथा एमसीडी के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया और नागरिकों को घरों से निकलने वाले कचरे के सही वर्गीकरण (सेग्रिगेशन) के महत्व के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने से न केवल निस्तारण प्रक्रिया आसान होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने कहा कि स्वच्छ दिल्ली और स्वस्थ दिल्ली का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी को समझे और उसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने लोगों से चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन का उपयोग कर गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक और अन्य प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की।
जय भगवान यादव ने कहा कि नए नियम केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से ही इनके वास्तविक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ भारत अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि हर घर में कचरे का सही वर्गीकरण अपनाकर पर्यावरण संरक्षण और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने तथा नए नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
“स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली” के लक्ष्य को लेकर एमसीडी का यह अभियान राजधानी में पर्यावरण संरक्षण और बेहतर शहरी जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
