अवैध निर्माण पर भाजपा का दोहरा रवैया उजागर, कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को ही धमका रहे भाजपा पार्षद : अंकुश नारंग
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने शाहदरा साउथ जोन में भवन निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) रोहित नागपाल के साथ भाजपा पार्षद मीनाक्षी शर्मा द्वारा कथित अभद्र व्यवहार और दबाव बनाने की घटना को गंभीर बताते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
अंकुश नारंग ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री आशीष सूद अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा डराने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। इससे भाजपा का दोहरा चरित्र पूरी तरह उजागर हो गया है। कहा कि दिल्ली में अवैध निर्माणों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे समय में जरूरत है कि निगम अधिकारियों को निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से काम करने दिया जाए, लेकिन यदि नियमों के अनुसार कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को ही धमकाया जाएगा तो कानून का राज कैसे स्थापित होगा।
अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित एमसीडी में अवैध निर्माण और भ्रष्टाचार को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। यदि कोई अधिकारी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करता है और उसे ही प्रताड़ित किया जाता है, तो इससे साफ संदेश जाता है कि भाजपा अवैध निर्माणों के खिलाफ नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है।उन्होंने निगम आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि ने अपने पद का दुरुपयोग कर अधिकारी पर दबाव बनाने का प्रयास किया है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि निगम अधिकारी बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के नियमों के अनुसार अपना कार्य कर सकें।

अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा अवैध निर्माणों को संरक्षण देने वाली राजनीति का हर स्तर पर विरोध करती रहेगी।
