नई दिल्ली। दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली नगर निगम के आयुक्त के साथ ओखला लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चल रहे बायोमाइनिंग एवं कूड़ा निस्तारण कार्यों की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि ओखला लैंडफिल साइट पर वर्षों से जमा कूड़े के पहाड़ को समाप्त करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग आधी भूमि को कूड़े से मुक्त कराया जा चुका है और शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य दिसंबर 2026 से पहले ओखला लैंडफिल साइट का पूर्ण निस्तारण करना है।
महापौर ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री Narendra Modi एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta के नेतृत्व में राजधानी को स्वच्छ दिल्ली बनाने का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कूड़े के पहाड़ों को समाप्त कर इन स्थानों को जनहित एवं पर्यावरण हित में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन गुणवत्ता मिल सकेगी। 
महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बायोमाइनिंग कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और निर्धारित समय से पहले लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली जल्द ही कूड़े के पहाड़ों से मुक्त होकर स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए एक उदाहरण बनेगी। स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली” के संकल्प के साथ नगर निगम और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी को नई पहचान देने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।
