सील तोड़कर चल रही अवैध लकड़ी फैक्ट्री पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा साउथ जोन के अनारकली वार्ड में कथित रूप से सील तोड़कर दोबारा संचालित की जा रही लकड़ी गोदाम एवं आरा मशीन फैक्ट्री के मामले में कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए दिल्ली नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि तायल टिंबर ट्रेडर्स के चार मंजिला परिसर को 22 फरवरी 2024 को निगम द्वारा नियमों के उल्लंघन के चलते सील किया गया था। इसके बावजूद यदि सील तोड़कर दोबारा संचालन किया जा रहा है, तो यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में बिना फायर एनओसी और अन्य आवश्यक स्वीकृतियों के संचालित होने के आरोपों का सामना कर रही है। ऐसे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर बड़ी जनहानि हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

नाज़िया दानिश ने सवाल उठाया कि यदि फैक्ट्री को विधिवत सील किया गया था, तो सील किसके संरक्षण में तोड़ी गई? क्या इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति दी गई थी? यदि नहीं, तो अब तक फैक्ट्री संचालक के खिलाफ एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, सीलिंग रिकॉर्ड और निरीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से दोबारा सील किया जाए तथा यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेत्री ने कहा कि “जनहित और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। दिल्ली नगर निगम को इस पूरे मामले में तत्काल और पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए।”