बेगमपुर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल हुईं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, नेता सदन जय भगवान यादव ने किया स्वागत

नई दिल्ली। बेगमपुर वार्ड-27 के अंतर्गत रोहिणी सेक्टर-24, पॉकेट-19 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा एवं धार्मिक कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने भी प्रभु श्री जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।

नेता सदन एवं एमसीडी स्थायी समिति के सदस्य जय भगवान यादव ने बताया कि उन्हें प्रातःकाल प्रभु श्री जगन्नाथ के श्रीचरणों में पूजा-अर्चना और मंगल आरती करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वहीं सायंकाल आयोजित रथयात्रा में उन्होंने अपने वार्ड की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद योगेंद्र चंदोलिया का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में बवाना के विधायक रविंद्र इंद्रराज सिंह, उत्तर-पश्चिमी जिला भाजपा अध्यक्ष विनोद सहरावत, भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

जय भगवान यादव ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने प्रभु श्री जगन्नाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा समस्त दिल्लीवासियों और देशवासियों पर बनी रहे तथा सभी को सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन का आशीर्वाद प्राप्त हो।