दिल्ली भाजपा ने आंदोलनकारी छात्रों के वेश में गुंडागर्दी कर रहे तत्वों द्वारा युवा पत्रकारों के लगातार उत्पीड़न की कड़ी निंदा की
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा ने आंदोलनकारी छात्रों के रूप में सक्रिय असामाजिक तत्वों द्वारा युवा मीडियाकर्मियों के साथ की जा रही बदसलूकी, धमकी और उत्पीड़न की कड़े शब्दों में निंदा की है।
दिल्ली भाजपा का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया की स्वतंत्रता सर्वोपरि है और समाचार कवरेज के दौरान पत्रकारों पर हमला या उन्हें डराने-धमकाने का कोई भी प्रयास पूरी तरह अस्वीकार्य है। आंदोलन की आड़ में हिंसा और अराजकता फैलाने वाले तत्व लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रहे हैं।
दिल्ली भाजपा ने मांग की है कि ऐसे सभी दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी पत्रकार को अपना कर्तव्य निभाते समय इस प्रकार की घटनाओं का सामना न करना पड़े।
पार्टी ने कहा कि युवा पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। मीडिया की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला माना जाएगा।
