नई दिल्ली, 26 जुलाई। पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,600 क्वार्टर बोतल (32 कार्टन) अवैध शराब बरामद की है, जिन पर “For Sale in Haryana Only” अंकित था। शराब की खेप हरियाणा के सोनीपत से दिल्ली लाई जा रही थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार भी जब्त कर ली है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद उर्फ कल्लू (31) निवासी कड़कड़डूमा गांव, दिल्ली के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लक्ष्मी नगर थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार की निगरानी और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को 23 जुलाई की रात सूचना मिली थी कि एक होंडा सिटी कार में भारी मात्रा में अवैध शराब दिल्ली लाई जा रही है। सूचना के आधार पर नोएडा लिंक रोड, शकरपुर बस स्टैंड के पास घेराबंदी की गई। रात करीब 10:30 बजे संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट और डिक्की से 23 कार्टन रेस-7 मेट्रो शराब और 9 कार्टन फाल्कन संत्रा देसी शराब सहित कुल 1,600 क्वार्टर बोतलें बरामद हुईं।जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा से सस्ती शराब लाकर दिल्ली में अवैध रूप से बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2013 में आनंद विहार थाने में चोरी और चोरी का माल रखने का मामला भी दर्ज है।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि शराब की खेप किससे खरीदी गई थी, दिल्ली में किसे सप्लाई की जानी थी और इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
