‘मन की बात’ से मिला राष्ट्रसेवा का संकल्प, मेयर प्रवेश वाही ने बूथ 140 पर कार्यकर्ताओं संग सुना 136वां एपिसोड

नई दिल्ली, 26 जुलाई। दिल्ली की मेयर प्रवेश वाही ने रविवार को बूथ संख्या 140 के सम्मानित निवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देशवासियों में राष्ट्रभक्ति, सेवा और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए प्रेरणादायी संदेश दिया। मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि कारगिल के वीरों का त्याग प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है और देश के प्रति समर्पण की भावना को सदैव प्रबल बनाए रखता है।

‘मन की बात’ के श्रवण के उपरांत मेयर प्रवेश वाही ने बूथ 140 के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय निवासियों के साथ टिफिन बैठक आयोजित की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने, क्षेत्र की जनसमस्याओं तथा विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि “विकसित भारत” का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़े। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सुशासन और विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का आग्रह किया।