सत्या शर्मा लगातार दूसरी बार एमसीडी स्थायी समिति की अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
सत्यपाल सिंह बने उपाध्यक्ष, स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली और सुशासन के पांच संकल्पों के साथ नए कार्यकाल का आगाज
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को सिविक सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में हुए चुनाव में भाजपा पार्षद सत्या शर्मा लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुईं, जबकि सत्यपाल सिंह उपाध्यक्ष चुने गए। अध्यक्ष चुने जाने के बाद सत्या शर्मा ने अपने नए कार्यकाल के लिए स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली, शिक्षित दिल्ली, सुशासन और सशक्त निगम के पांच प्रमुख संकल्पों की घोषणा करते हुए कहा कि जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और समिति में पक्ष व विपक्ष दोनों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा।
वार्ड-226 (गौतमपुरी) से पार्षद सत्या शर्मा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा का धन्यवाद किया।उन्होंने कहा कि नए कार्यकाल में राजधानी की सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने, निगम अस्पतालों व डिस्पेंसरियों की सेवाओं में सुधार, निगम स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन तथा निगम को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति लोकतांत्रिक संवाद का मंच बनी रहेगी और हर जनहित के मुद्दे पर सार्थक चर्चा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2022 के एमसीडी चुनाव में जनता से जो वादे किए थे, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पिछले बजट में घोषित विकास योजनाओं को भी तेजी से पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से भलस्वा, गाजीपुर और ओखला के कूड़े के पहाड़ लगातार कम हो रहे हैं तथा सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन, पार्कों के विकास, सड़कों के रखरखाव और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार से समय पर वित्तीय सहायता मिलने के कारण निगम कर्मचारियों को प्रत्येक माह की पहली तारीख को समय पर वेतन मिल रहा है और विकास परियोजनाओं को भी गति मिली है। सत्या शर्मा ने निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, सभी दलों के पार्षदों और दिल्लीवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से एमसीडी को अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनसेवा के प्रति समर्पित संस्था बनाया जाएगा।
