पंजाब पेपर लीक पर केजरीवाल का जवाब ‘आफ्टर थॉट’, जनता सब समझ रही है : हर्ष मल्होत्रा

नई दिल्ली, 27 जुलाई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर पंजाब में कथित परीक्षा पत्र लीक मामले को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में पेपर लीक की घटनाओं से इनकार करना “बेशर्मी की पराकाष्ठा” है और अपनी सरकार को बचाने के लिए दिया गया “आफ्टर थॉट” है।हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पिछले कई दिनों से पूरे देश में पंजाब में फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की चर्चा है। उनका दावा है कि इससे पहले भी राज्य में दो बार परीक्षा पत्र लीक होने के आरोप लगे और इस मुद्दे पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन तथा पुलिस लाठीचार्ज की घटनाएं भी सामने आईं। उन्होंने कहा कि छात्र लगातार पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन अरविंद केजरीवाल इस मुद्दे पर चुप रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन समाप्त होने के बाद आम छात्रों और पत्रकारों ने आम आदमी पार्टी के नेताओं से पंजाब और कर्नाटक में कथित पेपर लीक मामलों पर भी आंदोलन करने का सवाल उठाया। इसके बाद, उनके अनुसार, अरविंद केजरीवाल ने यह कहकर कि “पंजाब में कोई पेपर लीक नहीं हुआ, बल्कि हमने नकल रोकी है”, अपनी सरकार का बचाव करने की कोशिश की।

मल्होत्रा ने सवाल उठाया कि यदि पंजाब में न तो फार्मासिस्ट परीक्षा और न ही उससे पहले किसी अन्य परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हुआ था, तो इन आरोपों का खंडन करने में 15 से 18 दिन क्यों लग गए। उन्होंने कहा कि यह बयान केवल सरकार को बचाने के लिए दिया गया है और जनता इस पूरी स्थिति को भली-भांति समझ रही है।