ITO पर खाकी बनी फरिश्ता: ट्रैफिक इंस्पेक्टर की तत्परता से बची वकील की जान

सड़क पर गिरे अधिवक्ता को समय रहते दिया CPR, LNJP अस्पताल पहुंचाकर बचाई जिंदगी

नई दिल्ली, 27 जुलाई। राजधानी के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक ITO पर सोमवार को दिल्ली पुलिस की मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल देखने को मिली। कमला मार्केट ट्रैफिक सर्किल में तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला ने सड़क पर अचानक हार्ट अटैक से गिरे एक अधिवक्ता को समय रहते CPR देकर उनकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, पटियाला हाउस कोर्ट के अधिवक्ता नवनीत कुमार बाइक से तीस हजारी कोर्ट से पटियाला हाउस जा रहे थे। ITO रेड लाइट पर पहुंचते ही उन्हें सीने में तेज दर्द उठा और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। व्यस्त ट्रैफिक के बीच मौजूद इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला ने बिना एक क्षण गंवाए उनकी ओर दौड़ लगाई।

उन्होंने सबसे पहले अधिवक्ता का हेलमेट उतारा और उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए मौके पर ही CPR देना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उनकी सांसें लौटने लगीं। इसके बाद इंस्पेक्टर बैंसला उन्हें अपनी सरकारी गाड़ी से तत्काल लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया।

डॉक्टरों ने बताया कि यदि मौके पर समय पर CPR नहीं दिया जाता और अस्पताल पहुंचाने में कुछ मिनट की भी देरी होती, तो मरीज की जान बचाना मुश्किल हो सकता था। इलाज के बाद अधिवक्ता नवनीत कुमार की हालत में सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह खतरे से बाहर हैं।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दिल्ली पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों के जीवन की रक्षा के लिए भी पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करती है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला की यह तत्परता खाकी वर्दी के मानवीय चेहरे की प्रेरक मिसाल बन गई है।