गुरु पूर्णिमा पर जरूरतमंद छात्राओं को मिलीं साइकिलें, तरुण मित्र परिषद की अनूठी पहल

नई दिल्ली। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद ने समाज सेवा की अपनी 51 वर्ष पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कमला नगर स्थित आर्य समाज बिरला आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित समारोह में पांच जरूरतमंद छात्राओं को दुपहिया साइकिलें भेंट कीं। यह साइकिलें इन्नोविया इंडिया प्रा. लि. के सहयोग से वितरित की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन योगेश आर्य ने परिषद के शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को पाठ्य सामग्री, यूनिफॉर्म और छात्रवृत्तियां उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के संस्थापक एवं अध्यक्ष अशोक जैन ने की। परिषद के महासचिव एवं मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं का विद्यालय आने-जाने का समय और खर्च कम होगा तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

इन्नोविया इंडिया प्रा. लि. के प्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली ऐसी सामाजिक गतिविधियां छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर अशोक कुमार जैन, आलोक जैन, विकास जैन, निधि वर्मा, नीलू अरोड़ा, वीरेन्द्र साही सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के व्यापक प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।