एमसीडी सदन की बैठक में ई-20 के मुद्दे पर “आप” पार्षदों का भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

भाजपा बताए, ई-20 पेट्रोल के इस्तेमाल से गाड़ियां खराब होने पर जिम्मेदार कौन होगा?- अंकुश नारंग

नई दिल्ली, 30 जुलाई ।एमसीडी मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित सदन की मासिक बैठक में आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने भाजपा सरकार की ई-20 ईथनाॅल मिश्रित पेट्रोल की नीति के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों ने हाथों में “पेट्रोल में इथेनॉल मिलाना बंद करो, भाजपा वालों शर्म करो” का पोस्टर लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि अगर ई-20 पर्यावरण के लिए बेहतर है, तो भाजपा सरकार बताए क्या हर वाहन इसके अनुकूल है? अगर गाड़ी को नुकसान हुआ तो जिम्मेदार कौन होगा? भाजपा सरकार आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ क्यों डाल रही है।

अंकुश नारंग ने दिल्ली में जगह जगह हो रहे जल भराव पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा मेयर प्रवेश वाही से बात करनी चाही, तो भाजपा मेयर आनन-फानन में एजेंडा पास कर सदन बैठक स्थगित कर निकल गए। उन्होंने पूछा कि भाजपा सरकार हमेशा दिल्ली की जनता को जवाब देने भाग क्यों जाती हैं?

अंकुश नारंग ने कहा कि आज प्रधानमंत्री पूरे देश में जबरदस्ती पेट्रोल के अंदर एथेनॉल ला रहे हैं। हमारे जितने भी वाहन हैं, वे एथेनॉल का उपयोग करने के लिए सक्षम नहीं हैं, जिसकी वजह से गाड़ियां कबाड़ हो रही हैं। गाड़ियां लगातार खराब हो रही हैं और माइलेज दिन-प्रतिदिन गिरती जा रही है। पूरा देश प्रधानमंत्री से यही मांग कर रहा है कि पेट्रोल के अंदर यह एथेनॉल नहीं चाहिए, लेकिन प्रधानमंत्री पर्यावरण का बहाना बनाकर हम सबको सड़कों पर ले आएंगे। इसी के चलते आज हमने ई-20 का इस्तेमाल बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।

अंकुश नारंग ने आगे कहा कि दिल्ली में लगातार भारी जलभराव हो रहा है। भाजपा ने वादे किए थे कि जलभराव नहीं होगा, लेकिन फिर बारिश आई और हर एक गली नदी में तब्दील हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी की हर एक सड़क समंदर बन चुकी है। भाजपा की चार इंजन वाली सरकार बहुत अहंकारी है। चाहे देश के बच्चे सड़क पर बैठें या जनता पेट्रोल में एथेनॉल का इस्तेमाल न करने की गुहार लगाए, इनका अहंकार नहीं टूटता है। चार इंजन वाली सरकार होने के बावजूद चंद मिनटों की बारिश में ही दिल्ली हर साल डूबती हुई नजर आती है। 

एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा हमेशा जनता से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज करती है और उनसे भागने की कोशिश करती है। चाहे वह पेपर लीक हो, ई-20 हो या कोई भी अन्य मुद्दा, जैसे ही जनहित के मुद्दे सामने आते हैं, ये लोग कतराने और अपनी गुंडागर्दी दिखाने लगते हैं। एथेनॉल एक ऐसा मुद्दा है जिससे देश का हर एक व्यक्ति जुड़ा हुआ है। जिस तरह से पेट्रोल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है, उससे लोगों की गाड़ियां एक-दो साल में ही खराब हो रही हैं। इसके कारण लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और वे बहुत दुखी व परेशान हैं। एक तो पेट्रोल और गाड़ियों के दाम महंगे हो गए हैं और ऊपर से गाड़ियां भी खराब हो रही हैं, ऐसे में जनता आखिर कहां जाए?

प्रवीण कुमार ने बताया कि जब जनता अपने जनप्रतिनिधि, विधायक या पार्षद के पास जाती है और वे पार्षद सदन में उनका मुद्दा उठाते हैं, तो भाजपा उन्हें अराजक घोषित कर देती है और कहती है कि ये लोग केवल शोर मचाते हैं। आज एमसीडी में हमारे पार्षदों ने एथेनॉल का मुद्दा उठाया, लेकिन जैसे ही यह मुद्दा सदन में रखा गया, भाजपा ने सदन भंग कर दिया और बात नहीं सुनी। यह पूरी तरह से गलत है। हम एमसीडी की मेयर को बताना चाहते हैं कि जनहित के मुद्दे उन्हें सदन में सुनने पड़ेंगे और जनता व पार्षदों की आवाज को ऐसे दबाया नहीं जा सकता। अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी एथेनॉल के इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठा रहे हैं क्योंकि इससे मिडिल क्लास लोग परेशान है। अगर भाजपा इसी तरह जनता की आवाज दबाने की कोशिश करेगी, तो आम आदमी पार्टी चुप नहीं बैठने वाली है, हम इस मुद्दे को और तेजी से लगातार उठाते रहेंगे।

एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि यह बिल्कुल सच है कि आज देश के हर नागरिक का नुकसान हो रहा है। भाजपा की वजह से आज मिडिल क्लास लोगों का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में ई-20 को लेकर बहुत बड़ा बवाल मचा हुआ है। जिन मिडिल क्लास लोगों ने अपने वोट की ताकत से नितिन गडकरी और भाजपा को सत्ता में बिठाया, आज वही मिडिल क्लास नागरिक ई-20 की वजह से परेशान हैं। ई-20 के कारण उनकी गाड़ियां खराब हो रही हैं और माइलेज भी कम हो रही है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।

प्रीति डोगरा ने बताया कि आज आम आदमी पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के नेतृत्व में सदन में प्रदर्शन किया और मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी ई-20 को वापस लें तथा देश की परेशान जनता पर ध्यान दें। हम भाजपा को यह याद दिलाना चाहते हैं कि जब-जब जमीनी स्तर के मिडिल क्लास लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी, तब-तब आम आदमी पार्टी उनकी आवाज बुलंद करेगी। भाजपा कान खोलकर यह सुन ले कि ई-20 को वापस लेने की मांग को लेकर अरविंद केजरीवाल 1 अगस्त को एक बड़ा आंदोलन करने जा रहे हैं। हमारी जनता से अपील है कि 1 अगस्त को बाहर आएं और आम आदमी पार्टी के साथ खड़े होकर ई-20 को वापस लेने के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।