द्वारका में उतरे निगम आयुक्त संजीव खिरवार, जलभराव, स्वच्छता और विकास कार्यों का लिया जायजा

कूड़ा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण, अवैध अतिक्रमण हटाने, जल निकासी तेज करने और सड़क निर्माण कार्य समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने गुरुवार को नजफगढ़ जोन के अंतर्गत द्वारका विधानसभा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर स्वच्छता, जलभराव, सड़क निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी, प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने तथा शहर में विशेष स्वच्छता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ द्वारका के विधायक प्रद्युम्न राजपूत, पार्षद नरेंद्र गिरसा, नजफगढ़ जोन के उपायुक्त शाश्वत सौरभ तथा निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आयुक्त ने दौरे की शुरुआत वशिष्ठ पार्क और डाबरी नाला रोड स्थित कूड़ा संवेदनशील स्थलों के निरीक्षण से की। उन्होंने नियमित कूड़ा उठान, उच्च स्तरीय सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डाबरी नाला रोड पर कूड़े के जमाव को रोकने और क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर सुधार पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने मुख्यमंत्री विकास निधि के अंतर्गत द्वारका क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने और सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

डाबरी स्थित निगम सहशिक्षा प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान एक जर्जर दीवार की जानकारी मिलने पर आयुक्त ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल मरम्मत कराने के आदेश दिए।

जलभराव की रोकथाम के लिए उन्होंने डाबरी फल बाजार और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा मानसून के दौरान प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

संजीव खिरवार ने मंगोलपुरी वार्ड और दुर्गा पार्क का भी निरीक्षण किया। दुर्गा पार्क में कूड़ा संग्रहण स्थलों का जायजा लेने के बाद उन्होंने कहा कि समय पर कूड़ा संग्रहण, निरंतर सफाई अभियान और नागरिक सुविधाओं का प्रभावी रखरखाव ही शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बना सकता है। इस दौरान उन्होंने पार्षद के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

निरीक्षण के समापन पर निगम आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को विशेष स्वच्छता अभियान और गहन सफाई अभियान को और तेज करने, जन शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला शहर बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।