नई दिल्ली। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और शिक्षकों के सम्मान की दिशा में नरेला जोन के बांकनेर स्थित एमसीडी स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं बेगमपुर वार्ड-27 के निगम पार्षद मास्टर जय भगवान यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के प्राचार्यों और शिक्षकों को सम्मानित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेला जोन की डीडी एजुकेशन उषा रानी ने की। इस अवसर पर नरेला जोन की चेयरमैन जनता देवी, डिप्टी चेयरमैन दिनेश भारद्वाज सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा भी हुई।
जय भगवान यादव ने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि वे आने वाली पीढ़ी के भविष्य और समाज की दिशा तय करते हैं। शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और निस्वार्थ सेवा का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्कूल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समर्पित शिक्षक ही मजबूत एवं शिक्षित समाज की नींव हैं।

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नरेला जोन और शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों को सम्मान देने से उनका मनोबल बढ़ता है और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल करने की प्रेरणा मिलती है।
