नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित नगर निगम कार्यालय में बुधवार को उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब कुछ लोगों ने जोन चेयरमैन पंकज लूथरा के कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद निगम कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बाबरपुर निगम पार्षद हाजी जरीफ के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की जा रही थी। पार्षद किसी तरह वहां से निकलकर जोन चेयरमैन पंकज लूथरा के कार्यालय में पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद बड़ी संख्या में लोग चेयरमैन के कार्यालय तक पहुंच गए और वहां भी मारपीट तथा तोड़फोड़ शुरू कर दी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
निगम कार्यालय में पार्षद से मारपीट और चेयरमैन के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
