जल बोर्ड कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा शुरू, इलाज के लिए नहीं देना होगा तत्काल नकद भुगतान
नई दिल्ली। केदारनाथ साहनी सभागार में दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं के शुभारंभ एवं स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। मेयर प्रवेश वाही ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर कर्मचारियों के स्वास्थ्य से जुड़ी इस पहल की जानकारी ली।

कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा के तहत पात्र दिल्ली जल बोर्ड कर्मचारियों को सूचीबद्ध अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के दौरान तत्काल नकद भुगतान करने की आवश्यकता नहीं होगी। स्वास्थ्य सेवा से जुड़े निर्धारित खर्च का भुगतान संबंधित व्यवस्था के तहत किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों को इलाज के समय आर्थिक भुगतान की प्रक्रिया से राहत मिलेगी और वे समय पर चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए शुरू की गई यह सुविधा चिकित्सा सेवाओं को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कैशलेस व्यवस्था से कर्मचारियों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान भुगतान संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में जल मंत्री प्रवेश वर्मा, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय सहित अन्य गणमान्यजन एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
