खेल युवाओं को अनुशासन और नेतृत्व सिखाते हैं: महापौर प्रवेश वाही

नई दिल्ली, 31 मई। दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने रविवार को आयोजित 51वें गोस्वामी गणेश दत्त क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

खालसा कॉलेज में आयोजित समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे महापौर ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं को जीवन में सकारात्मक सोच, प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना और चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट देश के सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है और ऐसे टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अजय शर्मा भी मौजूद रहे। महापौर ने उनके खेल जगत में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत होता है।

महापौर ने टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए विशेष रूप से सेहगल क्रिकेट क्लब की शानदार उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखते हुए निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महापौर ने आयोजन समिति के सदस्य विनोद तिहारा, विनोद कट्याल और पवन सहित सभी आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन समाज में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री के “खेलो इंडिया” विजन के अनुरूप खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। दिल्ली नगर निगम भी युवाओं के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।