नई दिल्ली।रायपुर, 31 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134वीं कड़ी में रविवार को छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, संस्कृति और बदलते बस्तर की तस्वीर राष्ट्रीय स्तर पर उभरकर सामने आई। कार्यक्रम में जशपुर के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों और बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक मल्हार में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का विशेष उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस अबूझमाड़ क्षेत्र के मैदानों में कभी नक्सली सभाएं आयोजित होती थीं, वहीं आज ग्रामीणों ने उत्साह और एकजुटता के साथ प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ सुनी। यह दृश्य बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलाव, विकास और लोकतांत्रिक चेतना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के युवा धावक Animesh Kujur और पंजाब के धावक Gurvinder Singh की उपलब्धियों का उल्लेख कर देश के युवाओं को प्रेरित किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में केवल दो दिनों के भीतर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा, जो भारतीय खेलों में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और नए आत्मविश्वास का संकेत है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जशपुर के एक छोटे से गांव से निकलकर अनिमेष कुजूर का 10.15 सेकंड में 100 मीटर दौड़ पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और अनिमेष के बीच हुई बातचीत युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कोविड काल में खेलों के प्रति बढ़ी रुचि, साथियों के प्रोत्साहन और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य पर केंद्रित रहने की उनकी कहानी संघर्ष और सफलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘मन की बात’ में बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक नगर Malhar में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का उल्लेख छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। लगभग 1400 से 1500 वर्ष पुरानी मानी जा रही ये ताम्र-पट्टिकाएं पांडुवंशी शासनकाल, विशेषकर महर्षि बालार्जुन के समय से जुड़ी मानी जा रही हैं। इनमें तत्कालीन शासन व्यवस्था, धर्म, संस्कृति और सामाजिक जीवन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लिखी गई यह ऐतिहासिक धरोहर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा और समृद्ध इतिहास का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में प्रदेश की उपलब्धियों और विरासत का उल्लेख किए जाने से छत्तीसगढ़ की पहचान देश और दुनिया में और मजबूत होगी।
