दिल्ली भाजपा ने 7568 बूथों पर सुना प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम

नई दिल्ली, 31 मई। प्रधानमंत्री Narendra Modi के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिक संगठनों के साथ राजधानी के लगभग 7568 बूथों एवं विभिन्न स्थानों पर सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान प्रदेश नेतृत्व, सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष Harsh Malhotra ने केशवपुरम जिले के प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और नागरिकों के साथ खेल गांव मार्ग स्थित एनसीयूआई ऑडिटोरियम में ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष Virendra Sachdeva ने चांदनी चौक जिले के प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। वहीं सांसद Manoj Tiwari ने सोनिया विहार में स्थानीय नागरिकों के बीच कार्यक्रम में भाग लिया। सांसद Ramvir Singh Bidhuri और प्रदेश महामंत्री Vishnu Mittal ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में कार्यक्रम सुना।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के ऐसे नेता हैं जो सीधे जनता से संवाद करते हैं और देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को जोड़ने वाला जनसंवाद का माध्यम बन चुका है।

मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भीषण गर्मी से बचाव के लिए पारंपरिक और स्थानीय उपायों का उल्लेख किया। उन्होंने आम पन्ना, सत्तू जैसे भारतीय पेय पदार्थों के सेवन को बढ़ावा देने की बात कही, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ भारतीय परंपराओं से भी जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि जिस तरह एक समय रविवार को लोग परिवार के साथ रामायण जैसे कार्यक्रम देखने का इंतजार करते थे, उसी प्रकार आज देश के करोड़ों लोग हर महीने के अंतिम रविवार को ‘मन की बात’ सुनने की प्रतीक्षा करते हैं। उनके अनुसार यह कार्यक्रम जनभागीदारी, प्रेरणा और सकारात्मक बदलाव का एक सशक्त मंच बन गया है।

दिल्ली भाजपा के अनुसार राजधानी के हजारों बूथों पर आयोजित इस सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया तथा प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।